रिपोर्ट: मिथिला तक न्यूज
मधुबनी, 22 अप्रैल 2026
मंडल कारा, मधुबनी में आयोजित बंदी दरबार में जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने भाग लेकर बंदियों की समस्याएं सीधे सुनीं। अधिकारियों ने बंदियों से संवाद स्थापित कर उनकी शिकायतों और आवश्यकताओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र एवं प्रभावी समाधान का आश्वासन दिया। डीएम ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल न्याय सुनिश्चित करना ही नहीं, बल्कि बंदियों के मानवीय अधिकारों की रक्षा और उनके पुनर्वास को भी प्राथमिकता देना है।

बंदी दरबार के बाद जिलाधिकारी ने कारा परिसर का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान महिला वार्ड, सामान्य वार्ड, पुस्तकालय, पाकशाला और अस्पताल की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। महिला वार्ड में सेनेटरी पैड निर्माण का प्रशिक्षण दिए जाने पर डीएम ने इसे सराहनीय पहल बताते हुए आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
वहीं, कारा पुस्तकालय में पुरुष बंदियों को मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिसे डीएम ने अभिनव प्रयास बताते हुए रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने वाला बताया। निरीक्षण के दौरान भवन निर्माण विभाग को आवश्यक मरम्मत और रंग-रोगन कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए परिधि दीवार की ऊंचाई बढ़ाने और कंटीले तार लगाने का निर्देश दिया गया।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता, विशेष कार्य पदाधिकारी और जेल अधीक्षक समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे।
