मधुबनी में सामाजिक कार्यक्रमों के लिए गैस संकट, एसडीएम ने डीएम से किया हस्तक्षेप का अनुरोध
रिपोर्ट:- मिथिला तक न्यूज
मधुबनी:
जिले में वैवाहिक कार्यक्रमों के अलावा अन्य सामाजिक और धार्मिक आयोजनों में वाणिज्यिक एलपीजी गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। सरकार के विशेष सचिव द्वारा जारी निर्देश में केवल वैवाहिक कार्यक्रमों में वाणिज्यिक गैस उपलब्ध कराने की बात कही गई है, जिसके बाद एजेंसी संचालक मुंडन, श्राद्ध, उपनयन जैसे आयोजनों के लिए सिलेंडर देने में आनाकानी कर रहे हैं।

इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए सदर एसडीएम चंदन कुमार झा ने जिला पदाधिकारी को पत्र लिखकर आवश्यक पहल करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा है कि खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के पत्रांक-1728 के तहत विवाह समारोहों के लिए वाणिज्यिक एलपीजी आपूर्ति के दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, जो सराहनीय कदम है। इससे घरेलू गैस के दुरुपयोग पर रोक लगेगी और शादी-ब्याह में गैस की कमी नहीं होगी।
हालांकि, एसडीएम ने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि विवाह के अलावा मृत्यु भोज, मुंडन और उपनयन जैसे सामाजिक-धार्मिक कार्यक्रम भी बड़े स्तर पर आयोजित होते हैं, जहां सैकड़ों लोगों के भोजन की व्यवस्था करनी पड़ती है। ऐसे आयोजनों के लिए भी बड़ी मात्रा में गैस सिलेंडर की जरूरत होती है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में बड़ी संख्या में लोग उनके कार्यालय में आवेदन दे रहे हैं, लेकिन गैस एजेंसी संचालक सरकारी निर्देशों का हवाला देकर वाणिज्यिक गैस देने से इंकार कर रहे हैं।

एसडीएम ने डीएम से आग्रह किया है कि इन महत्वपूर्ण सामाजिक कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए विवाह के अलावा अन्य आयोजनों में भी वाणिज्यिक एलपीजी गैस की आपूर्ति सुनिश्चित कराने हेतु आवश्यक पत्राचार और कार्रवाई की जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।
