17 अप्रैल से शुरू हुई स्व-गणना प्रक्रिया: नगर निगम में पार्षदों को दी गई ट्रेनिंग
रिपोर्ट:- मिथिला तक न्यूज
मधुबनी।
जनगणना-2027 के तहत 17 अप्रैल से 1 मई 2026 तक संचालित होने वाली स्व-गणना प्रक्रिया के सफल संचालन को लेकर शनिवार को नगर निगम कार्यालय में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में मेयर अरुण राय की उपस्थिति में नगर आयुक्त उमेश कुमार भारती ने सभी पार्षदों को विस्तृत जानकारी दी।

नगर आयुक्त ने बताया कि निर्धारित अवधि के दौरान जिले के नागरिक स्वयं ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी और अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल जनगणना प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
प्रशिक्षण के दौरान पार्षदों को बताया गया कि नागरिक https://se.census.gov.in� पोर्टल पर लॉग-इन कर परिवार पंजीकरण, भाषा चयन, ओटीपी सत्यापन और स्थान संबंधी जानकारी भरकर प्रश्नावली पूर्ण कर सकते हैं। उन्होंने विशेष रूप से आगाह किया कि अंतिम सबमिशन के बाद परिवार के मुखिया का नाम और मोबाइल नंबर में संशोधन संभव नहीं होगा, इसलिए सभी विवरण सावधानीपूर्वक भरना जरूरी है।

मेयर अरुण राय ने शहरवासियों और पार्षदों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोग स्व-गणना में भाग लें। उन्होंने बताया कि प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्येक परिवार को एक विशिष्ट स्व-गणना पहचान संख्या (एसई आईडी) प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना आवश्यक है। क्षेत्रीय सत्यापन के दौरान गणनाकार के आने पर यह आईडी दिखानी होगी।

वहीं, समाजसेवी प्रशांत कुमार ने स्पष्ट किया कि इस प्रक्रिया के लिए किसी भी प्रकार के दस्तावेज जैसे आधार, पासपोर्ट या रेंट एग्रीमेंट की आवश्यकता नहीं है और नागरिकों की सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी।
