जयनगर में गेहूं फसल कटनी प्रयोग का निरीक्षण, डीएम पहुंचे किसान के खेत
रिपोर्ट:- सरोज झा
मधुबनी:-

मधुबनी जिले के जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने जयनगर प्रखंड अंतर्गत दुल्लीपट्टी पंचायत में एक किसान के खेत पर पहुंचकर गेहूं फसल कटनी प्रयोग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर हो रहे उत्पादन आकलन की प्रक्रिया को करीब से देखा और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बताया गया कि राज्य में बढ़ती जनसंख्या को खाद्यान्न उपलब्ध कराने, कृषि आधारित औद्योगिक विकास को मजबूत करने और आर्थिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए कृषि उत्पादकता बढ़ाना बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से हर वर्ष फसलों की उपज दर का आकलन किया जाता है, ताकि यह पता चल सके कि उत्पादन में वृद्धि हो रही है या कमी।
फसल कटनी प्रयोग के माध्यम से यह भी पता लगाया जाता है कि यदि उत्पादन में कमी आ रही है तो उसके पीछे क्या कारण हैं, जिससे समय रहते सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें। फसल सहायता योजना के तहत धान, गेहूं, मक्का जैसी मुख्य फसलों के प्रत्येक पंचायत में पांच-पांच प्रयोग अर्थ एवं सांख्यिकी निदेशालय द्वारा हर कृषि वर्ष में कराए जाते हैं।
इसी क्रम में दुल्लीपट्टी पंचायत के एक किसान के खेत में 10 मीटर × 5 मीटर क्षेत्रफल में गेहूं फसल कटनी प्रयोग किया गया, जिसके आधार पर प्रति हेक्टेयर उत्पादन का आकलन किया गया।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता मुकेश रंजन, रतन सहाय, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी प्रभात रंजन, अवर सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
