मिथिला ग्लोबल अवार्ड–2025 का भव्य आयोजन, सामाजिक सेवा के लिए विभूतियाँ सम्मानित

मिथिला ग्लोबल अवार्ड–2025 का भव्य आयोजन, सामाजिक सेवा के लिए विभूतियाँ सम्मानित

Madhubani 

अयाची नगर युवा फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित मिथिला ग्लोबल अवार्ड–2025 का भव्य आयोजन शांति कुंज ऑडिटोरियम, भटपुरा में अत्यंत गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम फाउंडेशन के 9वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित किया गया, जिसमें देशभर से आए विशिष्ट अतिथियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बुद्धिजीवियों की उल्लेखनीय सहभागिता रही।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पद्मश्री श्री शिवन पासवान तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. विजय रंजन, निर्देशक, संस्कार भारती ग्लोबल स्कूल रहे। इस अवसर पर पूरे भारत से चयनित 20 विशिष्ट व्यक्तियों को विभिन्न क्षेत्रों में समाजसेवा के लिए मिथिला ग्लोबल अवार्ड–2025 से सम्मानित किया गया। वहीं, स्थानीय स्तर पर उत्कृष्ट सामाजिक कार्य करने वाले 30 व्यक्तियों को सेवा भाव सम्मान प्रदान कर उनकी निस्वार्थ सेवाओं का सम्मान किया गया।

कार्यक्रम का सफल मंच संचालन अक्षय कुमार झा द्वारा किया गया। स्वागत भाषण फाउंडेशन के संस्थापक विक्की मंडल ने दिया, जिसमें उन्होंने संगठन की सामाजिक प्रतिबद्धताओं एवं भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन मनोज कंठ द्वारा प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम से पूर्व प्रातःकाल अमल झा के नेतृत्व में विभिन्न राज्यों से आए अतिथियों को ग्राम भ्रमण कराया गया। इस दौरान अतिथियों ने मिथिला की समृद्ध संस्कृति, संस्कार एवं सांस्कृतिक विरासत का सजीव अनुभव किया। भ्रमण में मां चामुंडा मंदिर, आयाची डीह, महामहोपाध्याय डॉ. सर गंगानाथ झा वाचनालय सहित अन्य ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का अवलोकन कराया गया। सरसों के हरे-भरे खेतों के बीच बसे भटपुरा की लोकजीवन शैली ने अतिथियों को विशेष रूप से आकर्षित किया।

अतिथियों के लिए भोजन की व्यवस्था मिथिला की पारंपरिक परंपरा के अनुसार केले के पत्ते पर 56 भोग के साथ की गई, जिसने कार्यक्रम को विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान प्रदान की।

समारोह के दौरान उत्क्रमि मध्य विद्यालय खरख स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम समग्र रूप से सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और सेवा भावना का सशक्त संदेश देने में सफल रहा। अयाची नगर युवा फाउंडेशन का यह आयोजन मिथिला की सांस्कृतिक गरिमा और सामाजिक दायित्वों को राष्ट्रीय मंच पर सशक्त रूप से प्रस्तुत करता हुआ प्रेरणास्रोत बनकर उभरा।

मिथिला ग्लोबल अवॉर्ड 2025 प्राप्त करने वालों में उड़ीसा से रूपाली पांडा, तेलंगाना से रामगिरी अरविंद साईं, गुजरात से साक्षी मनोजकुमार जेलोतार, झारखंड से डॉ. कौशल कुमार, हिमाचल प्रदेश से आरती शर्मा, मध्यप्रदेश से मो. दानिश खान, चंडीगढ़ से आरती , छत्तीसगढ़ से विनोद टेम्बुकर, उत्तर प्रदेश से अशरफ अली, पश्चिम बंगाल से सुनंदन देव, बिहार से प्रवीण कुमार झा एवं आदर्श भारतद्वाज शामिल हैं।

Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Manage push notifications

notification icon
We would like to show you notifications for the latest news and updates.
notification icon
Please wait...processing
notification icon
We would like to show you notifications for the latest news and updates.
notification icon
Please wait...processing