नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा 2026 शांतिपूर्ण व कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न
रांटी, मधुबनी | 13 दिसंबर 2025
जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा 2026 का आयोजन जिले के तीन परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। जिले एवं शहरी क्षेत्र से सटे कुल तीन केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में पंजीकृत 2772 छात्रों में से 1678 परीक्षार्थी उपस्थित हुए।

विद्यालय प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार परीक्षा में कुल 1111 छात्र एवं 567 छात्राओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। परीक्षा केंद्र के रूप में पोल स्टार पब्लिक स्कूल, जीवछ घाट; इंडियन पब्लिक स्कूल, स्टेडियम रोड तथा रीजनल सेकेंडरी स्कूल, जीवछ चौक को निर्धारित किया गया था।
परीक्षा के दौरान नवोदय विद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रमोद कुमार ने तीनों परीक्षा केंद्रों का घंटों निरीक्षण कर विधि-व्यवस्था एवं परीक्षा संचालन पर पैनी नजर बनाए रखी। इस संबंध में विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. प्रमोद कुमार महतो द्वारा जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि परीक्षार्थियों के लिए सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई थी।
प्राचार्य ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुचारु रही और किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना नहीं मिली। परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें जिला एवं अनुमंडल प्रशासन सहित सभी अधिकारियों और कर्मियों का सराहनीय सहयोग रहा।
उन्होंने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा प्रतिभाशाली छात्रों को गुणवत्तापूर्ण एवं निशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस परीक्षा के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों को नवोदय विद्यालय में अध्ययन का अवसर मिलेगा।