मधुबनी में विधानसभा चुनाव को लेकर मास्टर ट्रेनर्स का विशेष प्रशिक्षण प्रारंभ
मधुबनी:-
आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन-2025 की तैयारियों को लेकर मधुबनी जिले में मास्टर ट्रेनर्स का जिला स्तरीय प्रशिक्षण आज से रीजनल सेकेंडरी स्कूल, जीवछ चौक, मधुबनी में प्रारंभ हुआ। यह प्रशिक्षण जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी के निदेशानुसार जिला प्रशिक्षण कोषांग द्वारा आयोजित किया जा रहा है।

प्रशिक्षण में जिले के कुल 235 नामित मास्टर ट्रेनर्स भाग ले रहे हैं। जिला मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रशिक्षण का संचालन किया जा रहा है, जिसमें निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ईवीएम (EVM) हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग, मॉक पोल, निर्वाचन संबंधी विभिन्न प्रपत्रों की प्रविष्टि, मतदान पदाधिकारियों के कर्तव्य एवं दायित्व, पीठासीन पदाधिकारी की भूमिका तथा मतदान केंद्र पर बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई। द्वितीय प्रशिक्षण सत्र आगामी 2 और 3 अक्टूबर 2025 को आयोजित होगा।
मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रशान्त शेखर ने मास्टर ट्रेनर्स को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक प्रशिक्षक की जिम्मेदारी है कि वे निर्वाचन प्रक्रिया की बारीकियों को गहराई से समझकर अन्य मतदानकर्मियों को प्रशिक्षित करें, ताकि चुनाव निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हो सके। उन्होंने वीवीपैट एवं निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ भी साझा कीं।

प्रशिक्षण कार्य की निगरानी नामित नोडल पदाधिकारी एवं प्रशिक्षण प्रभारी द्वारा की जा रही है। इस अवसर पर एडीएम विभागीय जांच नीरज कुमार सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।