बेतौना एसएसबी चेकपोस्ट का पुलिस अधीक्षक ने किया निरीक्षण, सीमा पर अलर्ट
Madhubani:-

मधुबनी जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेतौना स्थित एसएसबी चेकपोस्ट पर मंगलवार को पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसएसबी कमांडेंट, एसडीपीओ, सीआई और संबंधित थानाध्यक्ष मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने सीमा सुरक्षा से जुड़े प्रबंधों का जायजा लिया और जवानों को सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस मौके पर एसपी ने कहा कि पूरे बॉर्डर इलाके में एसएसबी और जिला पुलिस की संयुक्त गश्ती लगातार की जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। सभी एसएचओ, सीआई और एसडीपीओ को हाई अलर्ट पर रखा गया है और नियमित रूप से सीमा की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में तैनात पुलिस और एसएसबी जवान आपसी समन्वय के साथ हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए हैं।

एसपी ने लोगों को भरोसा दिलाया कि सीमा पूरी तरह सुरक्षित है और शांति व्यवस्था बनी हुई है। स्थानीय लोगों से भी अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या एसएसबी को दें। निरीक्षण के दौरान स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण रही और सभी अधिकारियों ने सीमा सुरक्षा की रणनीति पर विचार-विमर्श किया।