बंदरों के हमले में वृद्ध की मौत, ग्रामीणों में आक्रोश

मधुबनी।
जिले के श्रीपुरहाटी उत्तरी पंचायत के शाहपुर चौधरी टोल निवासी 70 वर्षीय रामनाथ चौधरी पर लगभग 50 बंदरों के झुंड ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें सदर अस्पताल मधुबनी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पंचायत के मुखिया राम कुमार यादव, राजन कुमार झा, सुनील झा, रौशन झा, रामबालक चौधरी, रजनीश कुमार, निधि राज समेत कई ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई महीनों से बंदरों के झुंड इस क्षेत्र में आतंक मचा रहे हैं। वे न केवल घरों और लोगों को परेशान करते हैं, बल्कि खेतों की फसलें भी बर्बाद कर देते हैं, जिससे खेती प्रभावित हो रही है। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने कई बार प्रशासन को आवेदन दिया, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हो पाया। आज की घटना ने लोगों में आक्रोश और भय दोनों पैदा कर दिया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल बंदरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।