बाबूबरही में महिला की नृशंस हत्या के मामले में आरोपी अब तक आज़ाद, समाजसेवी मनोज झा ने उठाई न्याय की मांग
मधुबनी:

बाबूबरही थाना क्षेत्र में हुई एक महिला की नृशंस हत्या का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। इस कांड (कांड संख्या 417/24) को लेकर समाजसेवी मनोज झा ने पुलिस अधीक्षक मधुबनी, दरभंगा प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी), कमिश्नर दरभंगा तथा डीजीपी बिहार एवं होम सिक्योरिटी विभाग को एक आवेदन सौंपा है।
आवेदन में उल्लेख किया गया है कि एक वर्ष पूर्व मंजू देवी नामक महिला की रेप कर हत्या कर दी गई थी और शव को खेत में फेंक दिया गया। इस जघन्य घटना में मुख्य आरोपी के रूप में ललित राम का नाम सामने आया था, लेकिन अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं की गई है।
समाजसेवी मनोज झा ने आरोप लगाया है कि बाबूबरही के डीएसपी मनोज राम आरोपी के जातीय संबंधों और राजनीतिक दबाव के कारण निष्पक्ष कार्रवाई से परहेज किया। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस कांड की न तो गहराई से जांच हुई और न ही मुख्य आरोपी को पकड़ा गया, जिससे पीड़िता को न्याय नहीं मिल पा रहा है।
मनोज झा ने आरोप लगाया कि उलटे उन्हें ही फंसाने की साजिश रची गई। उन्होंने कहा कि बाबूबरही थाना अध्यक्ष चंद्रमणि ने उन्हें झूठे आरोप में – ललित राम के किडनैपिंग के मामले में – फंसा दिया ताकि असली आरोपी को बचाया जा सके।
उन्होंने इस बात पर गहरी चिंता जताई कि एक वर्ष बीत जाने के बावजूद महिला के साथ बलात्कार और हत्या जैसा संवेदनशील मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है और पुलिस “कान में तेल डालकर सो रही है”।
समाजसेवी मनोज झा ने प्रशासन से इस मामले में संज्ञान लेने और दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर न्याय में और देरी हुई तो जनआंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।