मुख्यमंत्री ने मधुबनी जिले में ₹650 करोड़ से अधिक की विकास योजनाओं का किया शिलान्यास
*स्व. हरि प्रसाद साह की मूर्ति का किया अनावरण

मधुबनी, 26 जुलाई 2025 —
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज मधुबनी जिले के लौकही में प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं के अनुरूप विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री का स्वागत सूर्य प्रसाद प्लस टू उच्च विद्यालय के परिसर में बने हेलीपैड पर भव्य रूप से हुआ। इसके बाद वे ‘निश्चय रथ’ से रोड शो करते हुए कार्यक्रम स्थल पहुँचे, जहाँ जनता ने उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री ने कुल ₹650 करोड़ से अधिक की लागत वाली योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया, जिनमें प्रमुख रूप से जल संसाधन, पथ निर्माण, नगर विकास, पर्यटन तथा परिवहन विभाग की योजनाएं शामिल हैं। इनमें सबसे प्रमुख 178 करोड़ रुपये की लागत से खजौली-जयनगर रेलवे समपार संख्या 39C पर रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) निर्माण कार्य, और 264.93 करोड़ रुपये की लागत से पुरानी कमलाधार, जीवछ कमला व अन्य नदियों के पुनर्जीवन की योजना शामिल है, जिससे सिंचाई सुविधा में वृद्धि व बाढ़ नियंत्रण में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने 161.08 करोड़ रुपये की लागत से पुरानी कमला नदी एवं जीवछ कमला नदी पर 4 बीयर सहित अन्य संरचनाओं के निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया। यह योजना मधुबनी व दरभंगा जिलों के कई प्रखंडों में लगभग 6089 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा सुनिश्चित करेगी और जल-आधारित कृषि जैसे मछली पालन, मखाना व सिंघाड़ा उत्पादन को प्रोत्साहित करेगी।
शहरी क्षेत्र के लिए भी एक बड़ी सौगात के रूप में मुख्यमंत्री ने मधुबनी में ₹14.53 करोड़ की लागत से अंतर्राज्यीय बस अड्डा निर्माण की योजना की आधारशिला रखी। यह बस अड्डा रामपट्टी के निकट बनेगा जिससे शहर को ट्रैफिक जाम और प्रदूषण से राहत मिलेगी।
पर्यटन विकास को ध्यान में रखते हुए 31.13 करोड़ रुपये की लागत से हरलाखी प्रखंड स्थित पौराणिक स्थल ‘फुलहर स्थान’ को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किए जाने की योजना का शिलान्यास किया गया। यह स्थल भगवान श्रीराम और माता सीता के प्रथम मिलन का स्थान माना जाता है।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री स्व. हरि प्रसाद साह की मूर्ति का अनावरण कर मुख्यमंत्री ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा, प्रभारी मंत्री लेशी सिंह, परिवहन मंत्री शीला कुमारी, सांसद रामप्रीत मंडल, पूर्व मंत्री लक्ष्मेश्वर राय, पूर्व विधायक सतीश कुमार साह सहित कई गणमान्य जनप्रतिनिधि व वरीय अधिकारी उपस्थित थे।