मधुबनी में बदला मौसम का मिजाज, हल्की बारिश से मिली राहत लेकिन पेयजल संकट अब भी बरकरार
सरोज झा
मधुबनी, 15 जुलाई 2025 –
जिले में सोमवार रात हुई हल्की बारिश से मौसम में ठंडक घुल गई है, जिससे उमस भरी गर्मी से परेशान जनता को थोड़ी राहत मिली है। हालांकि वर्षा की मात्रा बहुत कम रही, लेकिन इससे वातावरण में ताजगी आई है और धूप की तीव्रता में भी थोड़ी कमी देखी गई है।

आसमान में बादलों की मौजूदगी से सूरज की तपिश कभी तेज तो कभी हल्की पड़ रही है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में और बारिश की संभावना जताई है और अलर्ट भी जारी किया है। जब क्षेत्र की जनता से बातचीत की, तो लोगों ने बताया कि भले ही गर्मी कुछ कम हुई हो, लेकिन असली समस्या अब भी पेयजल संकट की है।
गांवों में नाले और तालाब अब भी सूखे हैं, नलों में बूंद भर भी पानी नहीं आ रहा है। लोगों को रसोई और पीने के लिए कई मीटर दूर जाकर पानी लाना पड़ रहा है। महिलाएं और बच्चे दिनभर पानी के इंतज़ाम में ही लगे रहते हैं।
जनता ने साफ कहा कि राहत तब मानी जाएगी जब बारिश लगातार हो और जलस्तर सामान्य हो जाए। एक बुजुर्ग महिला ने कहा, “हम भगवान से लगातार बारिश की प्रार्थना कर रहे हैं। जब तक धरती भीग नहीं जाती, तब तक राहत अधूरी है।”
फिलहाल मधुबनी का मौसम सुहावना जरूर हुआ है, लेकिन पानी की कमी से उपजी त्रासदी अब भी हर घर में देखी जा सकती है। जनता को अब भी लगातार बारिश का इंतजार है।