लदनिया में चार वर्षीया बच्ची के साथ हुई दुष्कर्म घटना पर उबाल, समाजसेवी मनोज झा ने की त्वरित गिरफ्तारी की मांग
मधुबनी, 14 जुलाई 2025:
लदनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत चार वर्षीया बच्ची के साथ हुई दुष्कर्म फिर उसकी हत्या वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। इस शर्मनाक घटना को लेकर समाज के विभिन्न वर्गों में गहरी नाराज़गी और आक्रोश व्याप्त है।

बाबुबरही विधानसभा क्षेत्र से समाजसेवी मनोज झा ने इस घटना की तीव्र निंदा करते हुए मधुबनी पुलिस से आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने कहा, “इस तरह की वीभत्स घटना से बड़ा कोई अपराध नहीं हो सकता। पुलिस को बिना देरी किए दोषी को गिरफ्तार करना चाहिए, ताकि पीड़िता के परिजन को जल्द न्याय मिल सके।”
मनोज झा ने यह भी चेतावनी दी कि अगर पुलिस प्रशासन इस मामले में टालमटोल करता है या कार्रवाई में देरी करता है, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। उन्होंने कहा, “मधुबनी जिले में लगातार अपराध का ग्राफ बढ़ता जा रहा है और पुलिस की नाकामी साफ नजर आ रही है। प्रशासन को सजग और सतर्क होने की आवश्यकता है।”
मनोज झा ने यह भी बताया कि वे जल्द ही पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे और हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए उनके साथ खड़े रहेंगे।
इस मामले ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर फिर से गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आमजन और सामाजिक संगठनों की मांग है कि दोषी को सख्त सजा मिले और बच्चियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए।