” लेट्स इंस्पायर बिहार” के बैनर तले मधुबनी में सफल रक्तदान शिविर का आयोजन
सरोज झा
मधुबनी, बिहार:
सामाजिक संगठन लेट्स इंस्पायर बिहार की मधुबनी इकाई ने रविवार को एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन मधुबनी सदर अस्पताल के ब्लड बैंक में किया। इस अवसर पर समाजसेवा के क्षेत्र में एक सराहनीय पहल देखने को मिली, जिसमें स्थानीय युवाओं और कार्यकर्ताओं की उत्साहजनक भागीदारी रही।

शिविर का उद्घाटन विधान परिषद सदस्य घनश्याम ठाकुर ने फीता काटकर किया। उनके साथ विशिष्ट अतिथि कमल देव यादव, ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. कुणाल कौशल, समाजसेवी कैलाश भारद्वाज एवं सर्वेशा भारद्वाज, तथा संस्था से जुड़े राजू झा, विक्की मंडल, नीतीश झा, सुभाष झा, सुनीता गुप्ता, पिंकी भारद्वाज एवं डॉ. मीनाक्षी कुमारी उपस्थित रहे।इस रक्तदान शिविर में कुल 20 स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने भाग लिया। सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र और एक पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया – ताकि समाज सेवा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी प्रसारित हो।
मुख्य अतिथि श्री ठाकुर ने कहा, “रक्तदान एक महान कार्य है, जो न सिर्फ दूसरों की जान बचाता है बल्कि दाता के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी होता है। युवाओं को इस दिशा में आगे आना चाहिए।”
विशिष्ट अतिथि श्री कमल देव यादव ने रक्त की आवश्यकता और इसके दान की अहमियत को रेखांकित करते हुए कहा, “रक्त का कोई विकल्प नहीं है, इसलिए सभी स्वस्थ व्यक्तियों को समय-समय पर रक्तदान अवश्य करना चाहिए।”
ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. कुणाल कौशल ने संगठन द्वारा किए जा रहे सामाजिक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

पहली बार रक्तदान करने वाले मयंक वर्मा ने भावुक होते हुए कहा, “आज मुझे बहुत अच्छा महसूस हो रहा है कि मेरा रक्त किसी जरूरतमंद के काम आएगा। यह एक अनोखा अनुभव है।”

वहीं सर्वेशा भारद्वाज ने कहा, “हमारे माता-पिता स्वयं रक्तवीर हैं। उन्हीं से प्रेरणा लेकर मैंने भी यह शुरुआत की है और भविष्य में नियमित रूप से रक्तदान करती रहूंगी।”
इस मौके पर सुभाष झा, किशन झा, आशु झा, भास्कर झा, राकेश रंजन, पिंकी भारद्वाज, जूली झा, नमनीत झा , सरोज झा, नीतीश झा , डा. उदयभूषण निराला, किरण वर्मा, मनीषा लाल दास , राजू झा समेत कई सामाजिक कार्यकर्ता और रक्तदाता मौजूद रहे।
शिविर के सफल आयोजन ने यह स्पष्ट कर दिया कि जब समाज के युवा और जागरूक नागरिक एकजुट होते हैं, तो कोई भी नेक पहल जन आंदोलन का रूप ले सकती है। लेट्स इंस्पायर बिहार – मधुबनी चैप्टर की यह पहल निश्चित ही आने वाले समय में औरों को प्रेरणा देगी।