मधुबनी में शराब तस्कर पर कार्रवाई के दौरान दो युवकों की मौत, ग्रामीणों का बवाल, पुलिस पर पथराव और हवाई फायरिंग

मधुबनी में शराब तस्कर पर कार्रवाई के दौरान दो युवकों की मौत, ग्रामीणों का बवाल, पुलिस पर पथराव और हवाई फायरिंग

सरोज झा

मधुबनी:- 

मधुबनी जिले के मधवापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पिरोखर गांव में शनिवार सुबह उस समय तनाव फैल गया जब शराब तस्कर को पकड़ने के दौरान पुलिस की गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच सड़क को जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया और पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। हालात बेकाबू होते देख पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी।

मिली जानकारी के अनुसार, मधवापुर थाना की डायल 112 पुलिस टीम शराब तस्करों का पीछा कर रही थी। इसी दौरान पिरोखर गांव के पास बाइक सवार दो युवकों को पुलिस वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे की मौत अस्पताल ले जाने के क्रम में हुई।

 

घटना के बाद मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया और पुलिस पर कई गंभीर आरोप लगाए। परिजनों का दावा है कि दोनों युवक कोई सामान लेकर घर लौट रहे थे तभी पुलिस ने उन्हें रोका, पैसे और मोबाइल छीन लिए, और गोली मार दी। हालांकि पुलिस ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए घटना को सड़क दुर्घटना बताया है।

घटनास्थल पर मौजूद एक घायल युवक ने बयान दिया है कि दोनों युवक शराब की खेप लेकर जा रहे थे, तभी डायल 112 की टीम ने उनका पीछा किया। पीछा करने के क्रम में पुलिस वाहन ने जानबूझ कर टक्कर मारी, जिससे बाइक सवार दूर जा गिरे।

स्थानीय लोगों ने भी बताया कि टक्कर के बाद पुलिस वाहन मौके पर रुके बिना चला गया। ग्रामीणों की मानें तो उन्होंने ही घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया। मृतक दोनों युवक पुपरी प्रखंड के सिंगियाही गांव के निवासी थे।

वहीं, मामले को लेकर मधुबनी एसपी योगेंद्र कुमार ने कहा कि डायल 112 की टीम द्वारा शराब तस्करों को खदेड़ा जा रहा था। इसी दौरान यह सड़क हादसा हुआ जिसमें एक की मौके पर तथा दूसरे की अस्पताल में मौत हो गई। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया टीम की लापरवाही पाई गई है।

एसपी ने कार्रवाई करते हुए टीम के एएसआई चंद्रमोहन सिंह समेत सभी पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। साथ ही सभी पर एफआईआर दर्ज करने का आदेश भी दिया गया है।

फिलहाल घटनास्थल पर कई थानों की पुलिस मौजूद है और स्थिति नियंत्रण में है। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने एक उपद्रवी को हिरासत में भी लिया है। इस दुखद घटना को लेकर इलाके में भारी तनाव का माहौल है और प्रशासन स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए है।

Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Manage push notifications

notification icon
We would like to show you notifications for the latest news and updates.
notification icon
Please wait...processing
notification icon
We would like to show you notifications for the latest news and updates.
notification icon
Please wait...processing