श्रावणी मेला को लेकर एसपी ने किया निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश

बिस्फी (मधुबनी): भैरवा में आगामी श्रावणी मेला को लेकर शनिवार देर शाम पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार ने मंदिर परिसर, बलहा घाट, भैरवा मस्जिद, रामुनिया, कोकला चौक व जल भरने के स्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी मेला शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराया जाएगा, इसके लिए प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियाँ पूरी कर ली हैं।
निरीक्षण के बाद एसपी ने जिला, अनुमंडल और प्रखंड स्तर के पुलिस पदाधिकारियों तथा मंदिर कमेटी के सदस्यों के साथ समीक्षात्मक बैठक की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस बल पूरी तरह सक्रिय रहेगा।
एसपी ने असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने, अफवाहों पर नियंत्रण रखने और सोशल मीडिया की निगरानी करने का निर्देश भी दिया। साथ ही डीजे के इस्तेमाल पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाने की बात दोहराई।
इस अवसर पर एसडीपीओ अमित कुमार, इंस्पेक्टर नीरज कुमार वर्मा, थानाध्यक्ष अविनाश कुमार, राज किशोर पंडित, विकास कुमार सहित कई पदाधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित थे।