बिहार में पेंशनधारियों को बढ़ी पेंशन राशि का डीबीटी से होगा हस्तांतरण, मधुबनी में 6000 स्थानों पर कार्यक्रम

मधुबनी – मुख्यमंत्री बिहार द्वारा शुक्रवार, 11 जुलाई को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत सभी छह प्रकार के पेंशनधारियों के खातों में जून 2025 से बढ़ी हुई पेंशन राशि ₹1100 प्रतिमाह डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की जाएगी। इस अवसर पर मधुबनी जिले में जिला मुख्यालय से लेकर पंचायत व वार्ड स्तर तक लगभग 6000 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित होंगे।
जिला स्तर पर मुख्य कार्यक्रम मिथिला चित्रकला संस्थान, सौरठ में होगा, जिसमें जिले की माननीय प्रभारी मंत्री श्रीमती लेशी सिंह भाग लेंगी। साथ ही, पटना से आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा।
जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी बीडीओ, सीडीपीओ, नगर निकाय पदाधिकारी, जीविका व शिक्षा विभाग से जुड़े पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम समाज के कमजोर वर्ग को गरिमापूर्ण जीवन देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
प्रत्येक कार्यक्रम स्थल पर संबंधित बीएलओ की उपस्थिति अनिवार्य होगी ताकि छूटे हुए लाभार्थियों का गणना प्रपत्र वितरण व संग्रहण कार्य भी सुनिश्चित किया जा सके।
जिले में यह कार्यक्रम प्रखंड मुख्यालयों, 386 ग्राम पंचायतों, 1116 राजस्व ग्रामों, 4500 आंगनबाड़ी केंद्रों तथा सभी बुनियाद केंद्रों में आयोजित होगा। कार्यक्रम की समुचित निगरानी के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।
अपर समाहर्ता मधुबनी को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है जबकि प्रखंड स्तर पर बीडीओ कार्यक्रम के प्रभारी होंगे।