मधुबनी पुलिस का विशेष अभियान: 16 अभियुक्त गिरफ्तार, 119 न्यायिक आदेशों का निष्पादन
मधुबनी :-

मधुबनी जिले में अपराध नियंत्रण और न्यायिक आदेशों के निष्पादन को लेकर आज दिनांक 10 जुलाई 2025 को पुलिस द्वारा एक व्यापक विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस महानिदेशक, बिहार पटना के आदेश और पुलिस अधीक्षक, मधुबनी के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के अंतर्गत गंभीर अपराधों जैसे हत्या, लूट, डकैती, बलात्कार एवं पुलिस पर हमले जैसे मामलों में वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की गई।
इस विशेष अभियान में पुलिस ने कुल 16 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया, साथ ही 37 वारंट, 05 इश्तेहार, 58 सम्मन और 19 कुर्की आदेशों का सफल निष्पादन किया गया। इनमें 05 वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी भी शामिल रही।

अपराध नियंत्रण के अतिरिक्त यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने हेतु चलाए गए जांच अभियान के तहत जिले भर में कुल 99 वाहनों से ₹1,64,000/- का जुर्माना वसूला गया। साथ ही अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के क्रम में 901 लीटर देशी/विदेशी शराब जब्त की गई तथा एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।
पुलिस अधीक्षक, मधुबनी ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ रखने एवं न्यायालय के आदेशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने हेतु इस तरह के विशेष अभियान भविष्य में भी समय-समय पर चलाए जाते रहेंगे।
