मधुबनी में दो घंटे में लगभग 63 हजार का चालान, ट्रैफिक पुलिस का विशेष जांच अभियान जारी
मधुबनी

जिला यातायात थाना की ओर से गुरुवार को विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें महज दो घंटे के भीतर 21 गाड़ियों का चालान काटा गया। इस दौरान लगभग कुल ₹63,000 का जुर्माना वसूला गया।
इस अभियान का नेतृत्व यातायात थाना प्रभारी नीलमणि रंजन ने किया, जिसमें सब इंस्पेक्टर राहुल कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी भी शामिल रहे। चेकिंग अभियान के दौरान सड़क पर नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। इनमें बिना हेलमेट बाइक चलाना, ओवरलोडिंग, वाहन से जुड़े जरूरी कागजात न होना, बिना ड्राइविंग लाइसेंस गाड़ी चलाना जैसे उल्लंघन प्रमुख रूप से सामने आए।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहें। पुलिस का कहना है कि यह अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण पाया जा सके और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
