मधुबनी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दो हथियार तस्कर गिरफ्तार, भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद

मधुबनी( खजौली) :- खजौली थाना क्षेत्र में मधुबनी पुलिस और विशेष कार्य बल (एसटीएफ) बिहार ने एक संयुक्त ऑपरेशन में दो हथियार तस्करों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद किए हैं। यह कार्रवाई आर्मी इंटेलिजेंस लखनऊ की सूचना के आधार पर की गई।
सूचना के अनुसार, हथियार तस्कर राजीव सिंह उर्फ राजू, नेपाल से अवैध हथियार लेकर खजौली पहुंचा था और इनरवा गांव के बिहारी बांध के पास हथियार बेचने की फिराक में था। इस इनपुट पर विशेष कार्य बल, बिहार पटना तथा खजौली थाना पुलिस की टीम संयुक्त रूप से मौके पर पहुंची। करीब 17:10 बजे दो संदिग्धों को दो मोटरसाइकिल के साथ सड़क किनारे बातचीत करते हुए देखा गया। पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे, लेकिन सशस्त्र बल के सहयोग से उन्हें पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान मो. हन्नान (निवासी इनरवा, उम्र 25 वर्ष) और राजीव सिंह उर्फ राजू (निवासी बेहटा, उम्र 60 वर्ष) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके पास से एक प्लास्टिक के झोले में दो देशी पिस्टल, एक लोहे की कार्बाइन, 69 जिंदा कारतूस, पांच मैगजीन, तीन मोबाइल और दो मोटरसाइकिल बरामद हुईं।
गवाहों की अनुपलब्धता के चलते खजौली थाना के रिजर्व गार्ड को साक्षी बनाया गया। बरामदगी के बाद दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है। इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में तस्करी पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
