सड़क दुर्घटना में दिवंगत बीएलओ सुपरवाइजर के परिजनों से मिले जिलाधिकारी, दी संवेदना और सहायता राशि

मधुबनी, 9 जुलाई –
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने मंगलवार को सड़क दुर्घटना में दिवंगत बीएलओ सुपरवाइजर एवं कृषि समन्वयक चंदन प्रसाद प्रभाकर के पैतृक आवास पर जाकर शोक-संतप्त परिजनों से भेंट की और गहरी संवेदना व्यक्त की।
जिलाधिकारी ने मृतक के पिता, पत्नी, पुत्र और पुत्रियों से मिलकर उन्हें ढाढ़स बंधाया और इस दुखद घड़ी में धैर्य बनाए रखने की बात कही। उन्होंने परिजनों को प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
श्री शर्मा ने स्वर्गीय चंदन प्रसाद प्रभाकर को एक कर्तव्यनिष्ठ, समर्पित और अनुशासित कर्मी बताते हुए उनकी आत्मा की शांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना की।
इस दौरान जिलाधिकारी ने शोकाकुल परिवार को दस लाख रुपए की अनुग्रह अनुदान राशि का चेक भी सौंपा, जिससे परिवार को आर्थिक संबल मिल सके।

इस घटना से प्रशासनिक महकमे में भी शोक की लहर है। अधिकारी और कर्मचारी स्वर्गीय प्रभाकर की सेवाभावना को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।