सदर अस्पताल में लापरवाही का आरोप: समय पर इलाज न मिलने से नवजात की मौत, परिजनों में आक्रोश
मधुबनी, बिहार:

जिले के सदर अस्पताल में चिकित्सकीय लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसने पूरे क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नारायणपुर भैरवस्थान क्षेत्र से आई एक गर्भवती महिला के परिजनों ने चिकित्सक और नर्सिंग स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया है, जिसके चलते नवजात शिशु की मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, वे सुबह करीब 6:30 बजे गर्भवती महिला को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे थे। अस्पताल में भर्ती करने के बाद नर्स ने यह कहते हुए डिलीवरी की प्रक्रिया को शाम 4 बजे तक टाल दिया कि समय अभी नहीं हुआ है। जबकि उस समय महिला को तेज प्रसव पीड़ा हो रही थी और परिजनों ने कई बार डॉक्टर और स्टाफ से महिला की गंभीर स्थिति की जानकारी दी। बावजूद इसके, किसी ने उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया।
लगभग दोपहर 2:30 बजे, जब महिला की हालत और बिगड़ गई, तब जाकर डिलीवरी कराई गई, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। नवजात शिशु की मृत्यु हो चुकी थी। इस दुखद घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सिविल सर्जन और जिलाधिकारी से लिखित शिकायत की है तथा दोषी चिकित्सक और स्टाफ पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में सिविल सर्जन डॉ. हरेंद्र कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है और नवजात की मृत्यु की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर जिला अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी सच्चाई को उजागर कर दिया है और आमजन की चिंता को बढ़ा दिया है। परिजन अब न्याय की आस में प्रशासन की ओर टकटकी लगाए बैठे हैं।