मोहर्रम को लेकर मधुबनी पुलिस सतर्क, सुरक्षा के किए गए पुख्ता इंतज़ाम: एसपी योगेंद्र कुमार
मधुबनी: आगामी मोहर्रम पर्व को लेकर मधुबनी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी तैयारियाँ पूरी कर ली हैं। सोमवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मधुबनी के पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने बताया कि जिले में शांति और सौहार्द्र बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा चुके हैं।

एसपी ने जानकारी दी कि पहले से चिन्हित संवेदनशील स्थलों पर भारी संख्या में पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती की जा रही है। वहीं, सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी से निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
सोशल मीडिया पर भी पुलिस की सख्त निगरानी रहेगी। यदि किसी प्रकार का भ्रामक या भड़काऊ वीडियो या पोस्ट सामने आता है, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु सभी थानों में शांति समिति की बैठकें आयोजित की गई हैं। इसके साथ ही, जिले में 4171 ऐसे लोगों की पहचान की गई है, जो पूर्व में विधि व्यवस्था में बाधा डाल चुके हैं या जिन पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। ऐसे सभी व्यक्तियों को भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत नोटिस जारी किया गया है।
इसके अलावा, 1500 लोगों से 5-5 लाख रुपये का बाउंड भरवाया गया है, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि वे मोहर्रम के दौरान शांति व्यवस्था में कोई बाधा न डालें। वहीं, 150 ऐसे लोगों को जिले से बाहर जाने का आदेश जारी किया गया है, जो विगत वर्षों में लगातार शांति भंग करने के आरोप में जेल जा चुके हैं।
एसपी योगेंद्र कुमार ने यह भी बताया कि कुछ कुख्यात अपराधियों की जेल से रिहाई की संभावना को देखते हुए 4 अपराधियों को मोहर्रम तक जेल में रखने का प्रस्ताव भेजा गया है ताकि विधि व्यवस्था में कोई रुकावट न आए।
जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शांति और भरोसे का फ्लैग मार्च निकालने का निर्देश दिया गया है।
एसपी ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें, शांति बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
