नगर निगम की बोर्ड बैठक में 500 से अधिक विकास योजनाओं को मिली मंजूरी, विस्तारित क्षेत्र में तेजी से होगा आधारभूत संरचना का विकास
मधुबनी:-
नगर निगम के विस्तारित क्षेत्र में विकास की नई राह खुल गई है। बुधवार को आयोजित नगर निगम की बोर्ड बैठक में 500 से अधिक विकास योजनाओं को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। महापौर अरुण राय की अध्यक्षता और नगर आयुक्त अनिल चौधरी की उपस्थिति में नगर निगम सभा भवन में यह बैठक सम्पन्न हुई, जिसमें अनेक महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विचार-विमर्श हुआ।

बैठक में “आपका शहर, आपकी बात” अभियान के तहत मोहल्ला सभाओं से प्राप्त सुझावों और मांगों को प्रमुखता से रखा गया। नगर विकास एवं आवास विभाग के निर्देशानुसार, इन योजनाओं को जिलाधिकारी की अनुशंसा के साथ विभाग को भेजा जाएगा, जहां से प्राथमिकता के आधार पर उनका चयन कर क्रियान्वयन हेतु राशि आवंटित की जाएगी। इससे लंबे समय से उपेक्षित क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
महापौर अरुण राय ने जानकारी दी कि जनसुझावों को प्राथमिकता देते हुए विस्तारित क्षेत्रों के उन मोहल्लों पर विशेष ध्यान दिया गया है जहां अभी तक गली-नाली, सड़क, संपर्क पथ और जल निकासी जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं पहुंच पाई थीं। उन्होंने कहा कि योजनाओं के धरातल पर उतरने से लोगों को बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
नगर आयुक्त अनिल चौधरी ने सभी एजेंडों को पटल पर रखा। पिछली बैठक की संपुष्टि और सशक्त स्थायी समिति के अनुमोदनों सहित विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा के बाद सभी को सर्वसम्मति से पारित किया गया। उन्होंने सभी वार्ड पार्षदों से जनहित से जुड़ी योजनाओं में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
इस बैठक के माध्यम से यह साफ हो गया कि नगर निगम प्रशासन विस्तारित क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर गंभीर है और आने वाले समय में इसका प्रत्यक्ष प्रभाव जमीनी स्तर पर देखने को मिलेगा।