कोर्ट परिसर में बुजुर्ग की संदिग्ध हालात में मौत, जमीन विवाद की आशंका
महिला से कहासुनी के बाद बेहोश होकर गिरे, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

मधुबनी (खजौली):- जिला कोर्ट परिसर में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब 65 वर्षीय महेश्वर सिंह अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। घटना के तुरंत बाद उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद कोर्ट परिसर में अफरातफरी और दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बेहोश होने से पहले महेश्वर सिंह की एक महिला से कहासुनी और हल्की झड़प भी हुई थी। पुलिस ने एहतियात के तौर पर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है और पूछताछ जारी है। टाउन थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के शरीर पर किसी प्रकार की बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं।
पुलिस ने आशंका जताई है कि मामला जमीन विवाद से जुड़ा हो सकता है। प्रारंभिक जांच में भी इसी दिशा में संकेत मिले हैं। जिस महिला से मृतक की बहस हुई थी, उससे भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असल कारणों की पुष्टि की जा सकेगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और कहा है कि जैसे-जैसे मामले से जुड़ी जानकारी या आवेदन प्राप्त होंगे, वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।