मधुबनी में तीन वर्षों में विकास की नई इबारत: जिला परिषद् अध्यक्षा बिंदु गुलाब यादव ने पेश किया कार्यों का ब्यौरा
मधुबनी:–
मधुबनी जिले में विकास कार्यों की रफ्तार को लेकर आज जिला परिषद् अध्यक्षा बिंदु गुलाब यादव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीते तीन वर्षों में किए गए कार्यों का विस्तृत ब्यौरा दिया। उन्होंने बताया कि उनके नेतृत्व में जिला परिषद ने जनता से किए गए वादों को निभाते हुए ज़मीनी स्तर पर सैकड़ों योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू किया है।

अध्यक्षा ने बताया कि उनके तीन वर्षों के कार्यकाल में कुल 700 से अधिक योजनाओं को 50 वित्तीय मद से लागू किया गया है। इन योजनाओं में बुनियादी ढांचे के विकास से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों की ज़रूरतों को ध्यान में रखते हुए कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह सब जिला परिषद सदस्यों के सहयोग, अधिकारियों की तत्परता और जनता के विश्वास के कारण संभव हो पाया है।
प्रेस वार्ता में उन्होंने बताया कि इन योजनाओं के तहत लगभग 140 शब्दागृह एवं यात्री शेड का निर्माण कराया गया है, जिससे आम लोगों विशेषकर ग्रामीण यात्रियों एवं मेले-ठेलों में आने-जाने वाले लोगों को विश्राम और सुविधा मिल रही है। इसके अलावा, 200 से अधिक सड़कों और नालों का निर्माण कर ग्रामीण एवं शहरी परिवहन व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
बिंदु गुलाब यादव ने कहा कि लगभग 150 पोखरों के घाटों का निर्माण एवं सौंदर्यीकरण भी कराया गया है, जिससे धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों को भी संवारने का काम किया गया है। इससे स्थानीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिल रहा है।
सड़क निर्माण की दिशा में भी उल्लेखनीय कार्य हुआ है। उन्होंने जानकारी दी कि पंचम और षष्ठम वित्त आयोग की सहायता से 1600 सड़कों का निर्माण कराया गया है, जिससे गांवों को मुख्य सड़कों से जोड़ा गया है और लोगों को आवागमन में सुविधा मिली है। उन्होंने कहा कि दो बस स्टैंड और विवाह भवन का निर्माण करवाया जा रहा है |
उन्होंने इस बात पर भी बल दिया कि जिला परिषद के सदस्य यह सुनिश्चित करते हैं कि सभी योजनाओं में काग़ज़ी प्रक्रिया शीघ्र पूरी हो और कार्य गुणवत्तापूर्ण हों। उन्होंने कहा कि “हमारा लक्ष्य सिर्फ योजनाओं की संख्या नहीं, बल्कि उनकी गुणवत्ता और जनसरोकार है। हमारी प्राथमिकता है कि जनता को सरकार की योजनाओं का वास्तविक लाभ समय पर मिले।”
अंत में उन्होंने यह भी बताया कि ज़िला परिषद और प्रशासन की समन्वित कोशिशों से मधुबनी को एक विकसित और सशक्त जिला बनाने की दिशा में जो पहल की गई है, वह आने वाले वर्षों में और मजबूती से जारी रहेगी। उन्होंने जनता से अपील की कि वे विकास कार्यों में भागीदार बनें और पारदर्शिता व जवाबदेही सुनिश्चित करने में सहयोग करें।
यह प्रेस वार्ता मधुबनी के विकास के प्रति जिला परिषद की प्रतिबद्धता का स्पष्ट संकेत है। आने वाले समय में जनता को इन योजनाओं का और व्यापक लाभ मिल सके, इसके लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधि दोनों मिलकर प्रयासरत हैं।
