कलेक्ट्रेट परिसर में आत्मदाह की कोशिश नाकाम, सुरक्षा गार्डों की सतर्कता से टली बड़ी घटना

मधुबनी – मधुबनी कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक व्यक्ति ने आत्मदाह करने की कोशिश की। हालांकि, सुरक्षा गार्डों की सतर्कता से समय रहते उसे पकड़ लिया गया और संभावित बड़ी घटना को टाल दिया गया।
जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब कलेक्ट्रेट परिसर में रोज़ की तरह शांति बनी हुई थी। तभी एक व्यक्ति तेज गति से बाइक चलाते हुए नो-पार्किंग जोन में घुस गया। सुरक्षाकर्मियों ने जब उसे रोका और पार्किंग नियमों की जानकारी दी, तो वह व्यक्ति तेजी से बाइक से उतरा और चिल्लाते हुए कहा कि उसे न्याय नहीं मिला है। उसने बताया कि उसने खुद पर पेट्रोल छिड़क लिया है और माचिस निकालते हुए आत्मदाह की धमकी दी।
यह दृश्य देखकर परिसर में अफरातफरी मच गई, लेकिन वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने सूझबूझ और बहादुरी का परिचय देते हुए उसे तुरंत काबू में कर लिया। इसके बाद व्यक्ति और उसकी बाइक को नगर थाना पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस टीम ने उसे मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
आत्मदाह का प्रयास करने वाले व्यक्ति की पहचान अरेर थाना क्षेत्र के नागदह निवासी मोहम्मद शकील के रूप में हुई है। शकील ने बताया कि गांव के कुछ लोगों द्वारा उसके साथ मारपीट की गई और वह लगातार प्रताड़ना झेल रहा है। उसने यह भी आरोप लगाया कि अरेर थाना में दिए गए आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज करने में देर की गई और थाना पक्षपात कर रहा है।
इस संबंध में अरेर थानाध्यक्ष नेहा निधि से संपर्क किया गया, जिन्होंने मोहम्मद शकील के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने बताया कि शकील द्वारा दिए गए आवेदन पर दो दिन पहले ही प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है।
फिलहाल मामले की जांच नगर थाना पुलिस द्वारा की जा रही है।
