डीएलएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न, अभ्यर्थियों ने जताई संतोषजनक व्यवस्था पर खुशी

मधुबनी।
डीएलएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा 2025 का दूसरा दिन जिले में पूरी तरह शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित माहौल में संपन्न हुआ। जिले के तीन प्रमुख परीक्षा केंद्र—वाटसन प्लस टू उच्च विद्यालय, शिवगंगा बालिका प्लस टू उच्च विद्यालय और सूड़ी प्लस टू उच्च विद्यालय पर परीक्षा प्रशासनिक सतर्कता के साथ आयोजित की गई।
परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे और मजिस्ट्रेट एवं दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई चूक न हो, इसका विशेष ध्यान रखा गया। अधिकांश परीक्षार्थी निर्धारित समय से एक घंटा पूर्व केंद्र पर उपस्थित हो गए थे।
संतुलित रहा प्रश्न पत्र, प्रश्नों की विविधता की प्रशंसा
परीक्षार्थियों के अनुसार परीक्षा में कुल 120 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे गए, जो मुख्यतः गणित, रीजनिंग, सामान्य ज्ञान और टीचिंग एप्टीट्यूड जैसे विषयों से संबंधित थे। छात्र-छात्राओं ने प्रश्न पत्र को संतुलित बताया। गणित के कुछ प्रश्न जहाँ थोड़े चुनौतीपूर्ण थे, वहीं रीजनिंग और टीचिंग एप्टीट्यूड के प्रश्न सहज और बौद्धिक स्तर के अनुरूप थे।
सामान्य ज्ञान खंड में विशेष रूप से बिहार से जुड़े तथ्यात्मक प्रश्न पूछे गए, जो कुछ परीक्षार्थियों को अपेक्षाकृत कठिन लगे। बावजूद इसके, अधिकांश अभ्यर्थियों ने प्रश्नों की विविधता और स्तर की सराहना की।
डीईओ ने दी परीक्षा संचालन की जानकारी
जिला शिक्षा पदाधिकारी जावेद आलम ने बताया कि जिले में परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो रही है। अब तक किसी भी परीक्षा केंद्र से गड़बड़ी या अनुशासनहीनता की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है।