*फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम को लेकर डिस्ट्रिक्ट टास्क फोर्स की हुई बैठक
* जिले को शत प्रतिशत फाइलेरिया मुक्त करने के लिए लें डीईसी गोली तथा अल्बेंडाजल की खुराक, दवाओं का कोई साइड इफेक्ट नहीं।
* 10 अगस्त से सर्वजन दवा सेवन का चलेगा व्यापक अभियान, घर-घर जाकर खिलाई जाएगी दवा
Madhubani:- @HealthNewsMadhubaniSadarHospital
जिले के समाहरणालय सभाकक्ष में सर्वजन दवा सेवन कार्यक्रम हेतु जिलाधिकारी अरविन्द कुमार वर्मा की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में फाइलेरिया उन्मूलन रणनीति को लेकर विभाग के पदाधिकारियों के बीच लंबी बातचीत हुई।

एसीएमओ डॉ. आर.के.सिंह ने बताया कि मधुबनी शहरी व रहिका से प्राप्त सैंपल की जांच रिपोर्ट के अनुसार जिले के फाइलेरिया के विषाणु न के बराबर हैं, फिर भी बीमारी का गंभीरता को ध्यान में रखते हुए लोगों को सर्वजन दवा सेवन के तहत डीईसी गोली तथा अल्बेंडाजल की खुराक आवश्यक रूप से लेनी चाहिए। दो वर्ष से कम के बच्चे, गंभीर रूप से बीमार, एक हफ्ते पूर्व मां बनी माता तथा गर्भवती महिला के अतिरिक्त हर नागरिक को सावधानी बरतने के लिए दवा की खुराक लेनी चाहिए। डीईसी गोली तथा अल्बेंडाजल का कोई साइड इफेक्ट नहीं है। आगे उन्होंने बताया कि मधुबनी जिले में 10 अगस्त 2024 से प्रारंभ होकर 14 दिनों (27 अगस्त) तक फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम चलाया जाएगा। कार्यक्रम शहरी क्षेत्र ( वार्ड 1-45) व रहिका प्रखंड मे चलाया जाएगा। जिसमें 4,12,527 लोगों को दवा खिलाई जाएगी, जिसके अन्तर्गत 2 वर्ष से ऊपर के सभी व्यक्तियों को दो प्रकार की दवायें खिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि फाइलेरिया शरीर को अपंग और कुरूप करने वाली बीमारी है। लिम्फेटिक फाइलेरिया को आमतौर पर हाथी पांव के नाम से जाना जाता है, यह संक्रमण वुचरेरिया ब्रैनक्राफ्टी नामक परजीवी के काटने से होता है। इस बीमारी का संक्रमण आमतौर पर बचपन में ही हो जाता है। इसलिए ससमय दवाओं की खुराक लेकर इसके प्रभाव को कम किया जा सकता है।
बैठक में सिविल सर्जन डॉ. नरेश कुमार भीमसारिया, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, नगर प्रबंधक नगर निगम, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस), जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (जीविका), एसीएमओ डॉ आर.के. सिंह, जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉक्टर डी.एस. सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक पंकज मिश्रा, वेक्टर नियंत्रण पदाधिकारी राकेश कुमार रंजन, पिरामल के जिला लीड धीरज कुमार सिंह, पीसीआई के विशाल कुमार, सीफार के प्रमंडलीय समन्वयक अमन कुमार, लक्ष्मी कांत झा समेत विभाग के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
