कल जिले के 26 पंचायतों और 15 शहरी वार्डों में लगेगा जन सहयोग शिविर
रिपोर्ट:- मिथिला तक न्यूज
मधुबनी, 01 जून 2026:
आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा 2 जून को जिले के 26 पंचायतों एवं 7 नगर निकायों के 15 वार्डों में जन सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर के सफल संचालन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

जिलाधिकारी आनंद शर्मा के निर्देश पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। शिविर में राजस्व, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, पशुपालन, श्रम, आपूर्ति, ग्रामीण विकास, पंचायत राज, विद्युत एवं पेयजल विभाग सहित कई विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां लोगों की शिकायतों का निस्तारण किया जाएगा और योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
शिविर में राशन कार्ड, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, किसान सम्मान निधि, छात्रवृत्ति, श्रमिक पंजीकरण तथा स्वास्थ्य योजनाओं से जुड़े मामलों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। पात्र लाभुकों के आवेदन भी स्वीकार किए जाएंगे।
वहीं नगर निगम मधुबनी सहित झंझारपुर, बेनीपट्टी, फुलपरास, जयनगर और घोघरडीहा के चयनित वार्डों में भी शिविर आयोजित होंगे। जिलाधिकारी आनंद शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार समेत वरीय अधिकारी विभिन्न शिविरों का निरीक्षण करेंगे और आम लोगों की समस्याएं सुनेंगे।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अपने निकटतम जन सहयोग शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराएं तथा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ प्राप्त करें। यह पहल प्रशासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत करने तथा सुशासन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
