चहुटा रेलवे गुमटी पर जाम से लोग बेहाल, यात्री व श्रद्धालु परेशान
रिपोर्ट: मिथिला तक न्यूज संवाददाता, चंद्र मोहन चौधरी
मधुबनी ||
मधुबनी जिले के बिस्फी प्रखंड अंतर्गत चहुटा रेलवे गुमटी के पास लगातार लगने वाले जाम से आम लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। आए दिन स्थिति ऐसी हो रही कि भीषण गर्मी में घंटों फंसे यात्रियों का हाल बेहाल हो जाता है। खासकर ट्रेन के आने-जाने के समय जाम की समस्या और गंभीर हो जाती है, जिससे उत्तर, दक्षिण और पश्चिम दिशा की कमतौल-भरबाड़ा-अहल्या स्थान पथ पूरी तरह प्रभावित हो जाता है।

जाम के कारण कई यात्रियों और श्रद्धालुओं को करीब तीन किलोमीटर तक पैदल सफर करना पड़ा। इससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है, बल्कि लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकाला जा सका है।
सूचना मिलने पर कमतौल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद जाम को हटवाया। हालांकि, कुछ ही समय बाद स्थिति फिर सामान्य नहीं रह पाती है। जाम का मुख्य कारण गुमटी के पास स्थित एक हार्डवेयर दुकान के बाहर सड़क पर खड़े किए जाने वाले गिट्टी और बालू से लदे ट्रक बताए जा रहे हैं। इन वाहनों के कारण सड़क संकरी हो जाती है और आवागमन बाधित होता है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने और सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
