मधुबनी में MSME योजनाओं से विकास को मिलेगा नया आयाम: विधायक माधव आनंद
रिपोर्ट:- सरोज झा
मधुबनी:-

नई दिल्ली में मधुबनी नगर के विधायक माधव आनंद ने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) मंत्री जीतन राम मांझी से मुलाकात कर जिले के औद्योगिक विकास को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की। इस दौरान विधायक ने मधुबनी में ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ (ODOP) मॉडल पर आधारित एक अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी सेंटर स्थापित करने का प्रस्ताव रखा।
विधायक आनंद ने बताया कि इस टेक्नोलॉजी सेंटर के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को तकनीकी सहयोग, आधुनिक प्रशिक्षण और बेहतर विपणन सुविधाएं मिलेंगी। इससे पारंपरिक उद्योगों को मजबूती मिलेगी और नए उद्योगों के लिए भी अवसर पैदा होंगे। खासकर युवाओं को रोजगार के नए विकल्प मिलेंगे, जिससे पलायन में कमी आने की उम्मीद है।
मंत्री जीतन राम मांझी ने प्रस्ताव को सकारात्मक बताते हुए आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार इस दिशा में आवश्यक कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि मधुबनी जैसे जिलों में MSME योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सरकार की प्राथमिकता है।
बैठक में MSME मंत्रालय की अन्य योजनाओं पर भी चर्चा हुई। यह पहल मधुबनी के समग्र विकास और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
