सावन के दूसरे सोमवार को कामेश्वर नाथ मनोकामना महादेव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब

मधुबनी:
सावन मास के दूसरे सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थाना मोड़ स्थित प्रसिद्ध कामेश्वर नाथ मनोकामना महादेव मंदिर में उमड़ पड़ी। भोर से ही भक्त जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए मंदिर परिसर में जुटने लगे। चारों ओर “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
मंदिर की ऐतिहासिक मान्यता है कि इसकी स्थापना लगभग 150 वर्ष पूर्व रामचंद्र झा मुख्तार बाबू के पूर्वजों द्वारा की गई थी। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि यहां सच्चे मन से की गई पूजा से भोलेनाथ हर मनोकामना पूर्ण करते हैं। सावन भर इस मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ लगती है, खासकर सोमवार को विशेष आयोजन होते हैं।

पूजा समिति की ओर से सावन के हर सोमवार को कीर्तन, भजन और भंडारे का आयोजन किया जाता है, जिसमें स्थानीय लोग बढ़-चढ़ कर भाग लेते हैं। हाल ही में मंदिर का जीर्णोद्धार किया गया है, जिसमें समिति सदस्यों – संजय पांडे, बबलू सिंह, पप्पू सिंह, कुमार गौरव आदि की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने बताया कि भक्तों की मनोकामना पूर्ण होने की अनेक कथाएं इस मंदिर से जुड़ी हुई हैं, इसी श्रद्धा के बल पर मंदिर का भव्य स्वरूप निखर कर सामने आया है।
कामेश्वर नाथ मंदिर अब न केवल आध्यात्मिक केंद्र बन चुका है, बल्कि सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों का भी प्रमुख स्थल बन गया है। सावन में यहां का माहौल अद्भुत आस्था और भक्ति की मिसाल पेश करता है।