मधुबनी में स्टॉप डायरिया अभियान शुरू, दो माह चलेगा सघन दस्त नियंत्रण पखवाड़ा
मधुबनी :-
शिशु मृत्यु दर में कमी लाने और बच्चों को डायरिया जैसी जानलेवा बीमारियों से बचाने हेतु मंगलवार को मधुबनी सदर अस्पताल परिसर में स्टॉप डायरिया अभियान की शुरुआत सिविल सर्जन डॉ. हरेंद्र कुमार ने की। अभियान के तहत 16 जुलाई से 14 सितंबर तक जिले के सभी 21 प्रखंडों में आशा कार्यकर्ता 0-5 वर्ष तक के बच्चों को ओआरएस पैकेट और जिंक की गोलियां वितरित करेंगी। दस्त पीड़ित बच्चों को दो पैकेट ओआरएस और 14 जिंक टेबलेट दी जाएंगी। जिले के 10.80 लाख घरों में 8.27 लाख बच्चों को लक्षित किया गया है, जिसके लिए 10.12 लाख ओआरएस पैकेट और 1.04 करोड़ जिंक टेबलेट उपलब्ध कराए गए हैं।

डॉ. एस.के. विश्वकर्मा ने बताया कि गर्मी-बरसात में डायरिया का खतरा अधिक होता है, ऐसे में ओआरएस व जिंक का सेवन जीवनरक्षक साबित होता है। यूनिसेफ के प्रमोद झा ने कहा कि अभियान के दौरान स्वच्छता, हाथ धोने की विधि और घरेलू उपचारों की जानकारी भी दी जाएगी। कार्यक्रम में कई पदाधिकारी मौजूद रहे।