नेपाल से लाई जा रही नेपाली शराब की तस्करी नाकाम, एसएसबी की सतर्क कार्रवाई
मधुबनी:-
मधुबनी जिले में भारत-नेपाल सीमा पर एक बार फिर तस्करी की कोशिश को सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने विफल कर दिया। 48वीं वाहिनी के नहरनिया बीओपी के जवानों ने आज सुबह लगभग 11:45 बजे गश्ती और चेकिंग के दौरान नेपाली शराब की बड़ी खेप को जब्त किया।

सूचना के अनुसार, सीमा स्तम्भ संख्या 282 से लगभग 200 मीटर भारत की ओर पेट्रोलिंग कर रही एसएसबी टीम ने एक संदिग्ध होंडा शाइन मोटरसाइकिल को रोका। जांच के दौरान उसमें भरी नेपाली ब्रिक्स ब्रांड की शराब की 90 बोतलें (प्रत्येक 300 मि.ली., कुल 27 लीटर) बरामद की गईं।
हालांकि, एसएसबी को देखते ही तस्कर मौके से फरार हो गए, जिससे कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी। जब्त की गई समस्त सामग्री को कानूनी कार्रवाई हेतु संबंधित थाना को सुपुर्द किया जा रहा है।
इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए 48वीं वाहिनी के कमांडेंट श्री गोविन्द सिंह भण्डारी ने बीओपी नहरनिया की पेट्रोलिंग पार्टी की सतर्कता की सराहना की। उन्होंने कहा, “सीमा पर हो रही हर अवैध गतिविधि पर एसएसबी पूरी सजगता और प्रतिबद्धता के साथ नजर बनाए हुए है। भविष्य में भी ऐसे प्रयासों को सख्ती से रोका जाएगा।”
इस कार्रवाई से एक बार फिर स्पष्ट हो गया है कि एसएसबी द्वारा भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों और अवैध सामानों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार मुस्तैदी से काम किया जा रहा है।