*खुटौना में जाम की समस्या गंभीर, एम्बुलेंस भी फँसी
मधुबनी:-
मधुबनी जिले के खुटौना में जाम की समस्या ने विकराल रूप धारण कर लिया है। खुटौना बाजार से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित खुटौना पुलिस स्टेशन के बावजूद यातायात अव्यवस्था बनी रहती है। पुलिस की मूकदर्शक भूमिका के चलते स्थिति और भी खराब हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हालात इतने बिगड़ गए हैं कि एम्बुलेंस तक घंटों जाम में फंसी रहती है, और किसी की मदद के लिए कोई जिम्मेदार अधिकारी नजर नहीं आता।

कुछ दिन पहले खुटौना के अंचलाधिकारी विजय प्रकाश स्वयं इस जाम में घंटों फंसे रहे थे, जिससे स्थिति की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। अब जब त्योहार का मौसम आने वाला है, लोगों की चिंता और बढ़ गई है। स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो यह समस्या और भयावह रूप ले सकती है।
खुटौना के निवासी अब उम्मीद कर रहे हैं कि प्रशासन जल्द से जल्द इस जाम की समस्या का समाधान निकाले, ताकि त्योहारों के दौरान आने-जाने में लोगों को असुविधा न हो।