बेहटा बाजार स्थित महालक्ष्मी भंडार किराना हॉलसेल की दुकान में लाखों की चोरी ।
बेनीपट्टी(Madhubani):-
स्थानीय थाना के बनकट्टा गांव निवासी सुरेश प्रसाद ने बुधवार को थाना को आवेदन देकर उनके हॉल सेल किराना दुकान में चोरी होने के मामले की जांच और कार्रवाई की गुहार लगाई है. थाने को दिये आवेदन में दुकान मालिक ने उल्लेख किया है कि वे बेहटा बाजार में होलसेल महालक्ष्मी भंडार नामक किराना दुकान करते हैं. वे बीते 9 अप्रैल की रात करीब साढ़े 8 बजे के आस-पास अपनी दुकान बंद कर सभी सहकर्मियों के साथ अपने डेरा पर चले गये. इसके बाद वे अगले दिन बुधवार की सुबह में अपनी दुकान का शटर उठाकर खोला तो देखा कि उनके दुकान का एस्बेस्टस एवं सीलिंग कटा हुआ था तथा सारा सामान बिखरा पड़ा था. उन्होंने थाना को दिये आवेदन में अज्ञात चोरों के द्वारा दुकान का एस्बेस्टस काटकर करीब 5 लाख रुपए मूल्य का विभिन्न सामान एवं गल्ला में रखे करीब 2 लाख रुपये नकदी सहित तकरीबन 7 लाख रुपये के सामानों की चोरी कर लिये जाने की चर्चा है. पीड़ित दुकानदार ने बताया कि दुकान से अज्ञात चोरों ने कॉस्मेटिक का विभिन्न सामान, हॉर्लिक्स, तेल, हिमालया कंपनी का फेसवॉश, नेस्ले कंपनी का दूध, हिंदुस्तान लिवर कंपनी का विभिन्न सामानों की चोरी कर ली है. उधर सूचना मिलने पर बेनीपट्टी थाना के एसआइ जुली कुमारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चोरी स्थल पर पहुंचकर घटना की जांच की. इस बाबत बेनीपट्टी थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर गौतम कुमार ने बताया कि पुलिस इस चोरी कांड की जांच कर रही है. जांचोपरांत आगे की कार्रवाई की जायेगी.
