खैरीबांका दक्षिण में 22 आवेदन प्राप्त, नूरचक में अधिकारियों की मौजूदगी अधिक, आम लोगों की उपस्थिति रही कम
रिपोर्ट:- चन्द्र मोहन चौधरी
बिस्फी।
बुधवार को खैरीबांका दक्षिण एवं नूरचक पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। खैरीबांका दक्षिण में डीपीआरओ राकेश कुमार झा, बीपीआरओ शेखर कुमार, राजस्व पदाधिकारी सविता कुमारी एवं मुखिया मो. हसनैन की उपस्थिति में शिविर आयोजित हुआ। वहीं नूरचक पंचायत सरकार भवन में एसडीओ सारंग पाणि पांडेय, डीएसपी अंकुर कुमार, बीडीओ बसंत कुमार सिंह एवं सीओ संतोष कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

खैरीबांका दक्षिण में बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याओं को लेकर शिविर पहुंचे। राशन कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन समेत कुल 22 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 8 का निष्पादन शिविर में ही कर दिया गया।
दूसरी ओर नूरचक पंचायत सरकार भवन में आयोजित सहयोग शिविर में आम जनता की भागीदारी काफी कम रही। शिविर में आम लोगों की अपेक्षा विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मियों की संख्या अधिक दिखाई दी। शिविर एक छोटे से हॉल में आयोजित किया गया था, जहां लोगों के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था भी नहीं थी।

स्थानीय लोगों का कहना था कि सहयोग शिविर की पूर्व सूचना पंचायत के अधिकांश लोगों तक नहीं पहुंचाई गई, जिसके कारण बहुत कम संख्या में ग्रामीण शिविर में शामिल हो सके। इससे शिविर के उद्देश्य पर भी सवाल उठने लगे।
