मधुबनी अवर निबंधन कार्यालय में नवनिर्मित गेट व चारदीवारी का उद्घाटन, सुरक्षा व्यवस्था हुई सुदृढ़
संवाददाता:- सरोज झा
मधुबनी।

अवर निबंधन कार्यालय, मधुबनी में नवनिर्मित गेट एवं चारदीवारी का आज विधिवत उद्घाटन किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम में जिला अवर निबंधन पदाधिकारी गौतम कुमार ने फीता काटकर गेट व चारदीवारी का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विधि-विधान से पूजन कर संरचना को कार्यालय को समर्पित किया गया। यह निर्माण कार्य कातिब संघ के माध्यम से कराया गया, जिसे संवेदक रणवीर कुमार सिंह उर्फ अनु जी द्वारा सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया।

उद्घाटन समारोह में कार्यालय के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से मोहम्मद शफी आलम (बड़ा बाबू), रेवतीकांत चौधरी (सहायक) के साथ कातिब संघ के अध्यक्ष राम उदगार यादव, अरविंद कुमार माथुर, आनंद झा, पंकज कुमार सिंह, धीरेंद्र कुमार ठाकुर, अमीर चौधरी सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए। सभी उपस्थित लोगों ने इस निर्माण कार्य को कार्यालय की आवश्यकता बताते हुए इसे सराहनीय कदम बताया।
इस मौके पर अध्यक्ष राम उदगार यादव ने कहा कि अवर निबंधन कार्यालय में गेट और चारदीवारी का अभाव लंबे समय से महसूस किया जा रहा था। इसके कारण बाहरी लोगों और पशुओं का बिना रोक-टोक प्रवेश होता था, जिससे कार्यालय कार्यों में बाधा आती थी। अब चारदीवारी और गेट बनने से परिसर सुरक्षित हो गया है और कर्मचारियों के साथ-साथ आम जनता को भी सुविधा मिलेगी।
वहीं जिला अवर निबंधन पदाधिकारी गौतम कुमार ने कहा कि निबंधन कार्यालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग विभिन्न कार्यों के लिए आते हैं। पहले भीड़ के कारण आने-जाने और सुरक्षा को लेकर समस्याएं होती थीं।

गेट एवं चारदीवारी के निर्माण से अब सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है और कार्यालय के कार्य अधिक सुव्यवस्थित ढंग से हो सकेंगे। उन्होंने निर्माण से जुड़े सभी लोगों की सराहना करते हुए भविष्य में भी जनसुविधाओं को ध्यान में रखकर ऐसे विकास कार्य जारी रखने की बात कही।