मधुबनी में रक्तदान शिविर का आयोजन, 35 युवाओं ने किया रक्तदान

मधुबनी जिले के बासोपट्टी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत सिरियापुर पंचायत के हटवरिया गॉव निवासी रवि यादव के सौजन्य से रविवार को सदर अस्पताल, मधुबनी के ब्लड बैंक में एक दिवसीय स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं और स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कुल 35 लोगों ने रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की।
रक्तदान महाअभियान का शुभारंभ मधुबनी टाउन थाना अध्यक्ष मनोज कुमार ने खुद पहला रक्तदान कर किया। टाउन थाना अध्यक्ष द्वारा रक्तदान किए जाने के बाद शिविर में मौजूद अन्य युवाओं का उत्साहवर्धन हुआ और एक-एक कर दर्जनों लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।
शिविर को सफल बनाने में पप्पू यादव, राजीव झा और सुजीत यादव सहित कई गणमान्य लोगों ने सक्रिय भूमिका निभाई। इन सभी ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई पुण्य नहीं है, क्योंकि आपके द्वारा दिया गया रक्त किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचा सकता है।
ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. कुणाल कौशल ने रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिविर में कुल 35 लोगों ने रक्तदान किया है। उन्होंने बताया कि मौजूदा समय में रक्त की मांग लगातार बनी रहती है, ऐसे में इस तरह के सामाजिक और मानवीय आयोजन सराहनीय हैं।
शिविर के दौरान अस्पताल परिसर में डोनर्स का उत्साह देखने लायक था। आयोजक रवि यादव ने सफल आयोजन के लिए सभी रक्तदाताओं, पुलिस प्रशासन और ब्लड बैंक की टीम के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
